मुंबई

Mumbai: गारमेंट एग्जीबिशन के चेंजिंग रूम में लगा था हिडन कैमरा, ऐसे खुला खौफनाक राज

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 29, 2022, 04:37 PM IST

Mumbai Crime News: पुलिस ने एक एग्जीबिशन के महिला चेंजिंग रूम में कैमरा लगाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चिंचपोकली में चल रही एक गारमेंट्स एग्जीबिशन के चेंजिंग रूम में कैमरा फिट किया हुआ था, जिससे उन्होंने कई महिलाओं की रिकॉर्डिंग की हुई थी।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • महिला चेंजिंग रूम में कैमरा लगाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया
  • गारमेंट्स एग्जीबिशन के चेंजिंग रूम में कैमरा फिट किया हुआ था
  • एक लड़की की कैमरे पर नजर गई तो खुला राज

Mumbai Crime News: मुंबई पुलिस ने चिंचपोकली से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने महिला चेंजिंग रूम में कैमरा (Hidden Camera) फिट किया हुआ था। दरअसल चिंचपोकली में हाल ही में एक गारमेंट्स एग्जीबिशन हुआ। इस एग्जीबिशन के महिला चेंजिंग रूम में पुलिस को कैमरा मिला हैं। मामला कालाचौकी पुलिस थाने का है। पुलिस ने कहा है कि कैमरे के फुटेज की जांच से पता चला है कि आरोपियों ने कई महिलाओं की रिकॉर्डिंग की है। घटना का पता उस वक्त चला जब 20 साल की एक लड़की की चेंजिंग रूम में लगे कैमरे पर नजर गई। जिसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी। आरोपियों की पहचान उषा क्रिएशन्स के जयपाल जैन (52) और नीलेश डेडिया (51) के तौर पर हुई है।

चेंजिंग रूम ऊपर से पूरी तरह खुला हुआ था

पुलिस ने कहा है कि चिंचपोकली के वेलजी लखमशी नप्पू हॉल में शुरू हुई एग्जीबिशन में शिकायतकर्ता अपनी मां के साथ कपड़ों की खरीदारी करने गई थी। कुछ कपड़े चुनने के बाद, उसने अटेंडेंट से चेंजिंग रूम के बारे में पूछा तो उसने बांस की छड़ियों से बने एक अस्थायी ढांचे (चेंजिंग रूम) की ओर जाने को कहा। चेंजिंग रूम चारों ओर से कपड़े के बड़े टुकड़ों से ढका हुआ था। कपड़े ट्राई करते हुए शिकायतकर्ता ने ऊपर की ओर देखा कि चेंजिंग रूम ऊपर से पूरी तरह से खुला हुआ है और दीवार पर लगे एक सीसीटीवी को नीचे सीधे चेंजिंग रूम में रखा गया था।

पुलिस को मिली कई महिलाओं की रिकॉर्डिंग

पुलिस ने आगे कहा है कि शिकायतकर्ता ने पहले एग्जीबिशन के ऑर्गेनाइजर से संपर्क किया लेकिन उन्होंने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शिकायतकर्ता पुलिस स्टेशन गई। आयोजन स्थल पर पुलिस की एक टीम भेजी गई और ऑर्गेनाइजर ने वीडियो दिखाया, जिसमें चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने के के दौरान की कई महिलाओं की रिकॉर्डिंग मिली। इसके बाद पुलिस ने तुरंत डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) को जब्त कर लिया। पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया और मंगलवार देर रात जयपाल जैन और नीलेश डेडिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बुधवार को गिरफ्तार कर इन दोनों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354 सी (दृश्यरतिकता) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!