Mumbai Pune Weather: मुंबई और उसके आसपास के जिलों में रविवार देर रात से जारी बारिश ने सोमवार सुबह तक हालात बिगाड़ दिए। आधी रात के बाद गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने दक्षिण-मध्य मुंबई को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 15 सितंबर के लिए येलो अलर्ट और अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, थाणे और रत्नागिरी सहित आसपास के जिलों के लिए भी चेतावनी दी गई है।
जलभराव से ट्रैफिक बाधित
लगातार हुई बारिश से मुंबई के दादर, परेल, वर्ली, लालबाग, किंग्स सर्कल और कुर्ला जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर गड्ढों में पानी भरने से गाड़ी निकालने के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल खड़ी करती नजर आई।
रेल सेवा पर भी असर
लोकल ट्रेनें मुंबई की लाइफलाइन कही जाती हैं लेकिन सोमवार सुबह बारिश के कारण इन पर भी असर पड़ा। दादर, कुर्ला और बांद्रा स्टेशन पर पटरियों पर पानी भर गया, जिसके चलते लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट देरी से चल रही थीं। हालांकि, पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के प्रवक्ताओं ने कहा कि उनकी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।
मोनोरेल सेवा भी हुई प्रभावित
लगातार बारिश का असर मुंबई मोनोरेल पर भी पड़ा। वडाला इलाके में तकनीकी खराबी के चलते मोनोरेल को रोकना पड़ा और सुबह करीब 7:45 बजे 17 यात्रियों को यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी रेल से भेजा गया।
मौसम को लेकर क्या कहता है IMD
IMD ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले कुछ घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ लागू किया गया था, जिसे फिर ऑरेंज कर दिया गया है। मुंबई में अब भी रेड अलर्ट है। पालघर, पुणे, अहमदनगर और बीड में IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, भंडारा जिले में सुबह से ही तेज बारिश और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्कूल परिसरों और सड़कों पर पानी भर गया है।
बारिश का आंकड़ा
बीते 24 घंटों में कोलाबा वेधशाला ने 134.4 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि सांताक्रूज़ वेधशाला ने 73.2 मिमी वर्षा दर्ज की। बीएमसी के अनुसार, मुंबई शहर में औसतन 111.19 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 76.46 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 74.15 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
प्रशासन की अपील
BMC और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अपडेट जारी करेगा।
