मुंबई

Nanded News: प्रेम के विरोध में पिता ने ली लवर की जान, प्रेमिका ने शव से रचाई शादी, कहा 'मेरा प्रेमी मरकर भी जीत गया'

Nanded News: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में दूसरी जाति के युवक के साथ प्रेम प्रसंग होने के कारण पिता, भाई और जीजा ने युवक की हत्या कर दी। प्रेमी के अंतिम संस्कार से पहले प्रेमिका ने उसके शव के साथ शादी की और आरोपियों को मौत की सजा देने की मांग की। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Image

नांदेड़ में प्रेमिका ने प्रेमी के शव के साथ की शादी

Nanded News: महाराष्ट्र के नांदेड़ से प्रेम और प्रतिशोध की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां लड़की के प्रेम संबंध के विरोध में उसके परिवार ने युवक को मौत के घाट उतार दिया। मृतक युवक सक्षम देठे की हत्या गुरुवार शाम को प्रेमिका के पिता, भाई और जीजा ने मिलकर की थी। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद, प्रेमिका ने एक चौंका देने वाला फैसला लिया। युवती ने प्रेमी सक्षम के अंतिम संस्कार से ठीक पहले उसकी लाश पर हल्दी और सिंदूर लगाकर उससे शादी कर ली, जिससे उनका प्रेम अमर हो गया। प्रेमिका ने हत्यारों को मौत की सजा दिए जाने की मांग की है।

प्रेम संबंधों के विरोध में तीन बार गोली मारी और पत्थर से कुचला

बता दें कि यह घटना इतवारा पुलिस थाना इलाके की है। मृतक सक्षम और उसकी प्रेमिका शादी करने की सोच रहे थे, लेकिन उससे पहले ही प्रेमिका के पिता गजानन मामिदवार को उनके प्रेम संबंधों की जानकारी मिल गई। क्योंकि प्रेमी और प्रेमिका दोनों अलग-अलग जाति के थे, इसलिए परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था और शादी का लगातार विरोध कर रहा था। गुस्से और विरोध में आकर आरोपी पिता गजानन मामिदवार ने बेटे और दामाद के साथ मिलकर सक्षम को निशाना बनाया।

आरोपियों ने सक्षम को पहले तीन बार गोली मारी और फिर पत्थर मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता, दो भाइयों और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस चौंकाने वाली घटना के बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता गजानन मामिदवार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रेमिका ने कहा 'मेरा प्रेमी मरकर जीत गया'

सक्षम की लाश से शादी करने के बाद, प्रेमिका ने कहा कि "मेरे पिता और मेरे भाई ने मेरे आशिक को मार डाला क्योंकि वह मेरे प्रेम के खिलाफ थे, लेकिन वह हार गए और मेरा प्रेमी मरकर जीत गया।" डीवाईएसपी प्रशांत शिंदे ने मामले की पुष्टि की और कहा कि पुलिस की टीम आगे की जांच कर ही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article