महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को अपने जन्मदिन पर जारी ‘कॉफी टेबल बुक’ में उनकी प्रशंसा करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे उनके वैचारिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं।महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने फडणवीस के 55वें जन्मदिन के अवसर पर राजभवन में उन पर 'महाराष्ट्र नायक' नामक एक ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन किया।
पुस्तक में ठाकरे और पवार द्वारा उनके काम के प्रति उत्साह और जुनून के बारे में की गई टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि वह उद्धव ठाकरे के आभारी हैं।
पुस्तक में पवार ने लिखा है कि जब वह फडणवीस को देखते हैं, तो उन्हें वह समय याद आता है, जब वह (पवार) 1978 में पहली बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे।
पवार जब मुख्यमंत्री बने थे, तब उनकी उम्र सिर्फ 38 वर्ष थी, जिससे वह राज्य में शीर्ष पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेता बन गए थे।
हल्के-फुल्के अंदाज में, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवार ने अपनी शारीरिक बनावट की तुलना फडणवीस से करते हुए कहा, "भारी भरकम होने की समानता कभी भी कड़ी मेहनत करने में बाधक नहीं रही। मुझे आश्चर्य होता है कि वह थकते कैसे नहीं।"
ठाकरे ने किताब में अपने लेख में फडणवीस को एक अध्ययनशील और वफादार नेता बताया है, जिन्होंने महाराष्ट्र में अपनी पार्टी को मजबूत करने में कामयाबी हासिल की है, जो कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। शिवसेना (उबाठा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने लिखा है कि फडणवीस के पास राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका पाने का मौका है। उन्होंने फडणवीस को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
