मुंबई

Mumbai News: ऑपरेशन बुलियन ब्लेज सफल: DRI ने मुंबई में बड़े सोने की तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार

DRI ने "ऑपरेशन बुलियन ब्लेज" के तहत मुंबई में बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी और गलाने के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 11.88 किलोग्राम सोना जब्त किया। इसके साथ ही डीआरआई ने इस मामले में शामिल 11 लोग गिरफ्तार कर लिया है।

Mumbai News

DRI ने मुंबई में बड़े सोने की तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने "ऑपरेशन बुलियन ब्लेज" के तहत मुंबई में एक बड़े सोने की तस्करी गिरोह पर शिकंजा कसा है। इस अभियान में भारत में सोने की तस्करी, उसे गुप्त भट्टियों में पिघलाने और परिष्कृत (Refined) सोने को अवैध रूप से ग्रे मार्केट में बेचने में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। खुफिया जानकारी के आधार पर, DRI के अधिकारियों ने कार्रवाई की और 10 नवंबर मुंबई में दो अवैध गलाने वाली इकाइयां और दो अपंजीकृत दुकानों पर यानी कुल चार स्थानों पर एक साथ तलाशी ली।

अधिकारी ने बताया कि दोनों भट्टियां पूरी तरह से चालू पाई गई और तस्करी किए गए सोने को मोम और अन्य रूपों में बदलने के लिए पूरी व्यवस्था से लैस थी। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और संचालकों को हिरासत में लिया। अधिकारी ने मौके से 6.35 किलोग्राम सोना भी बरामद किया। तस्करी का सोना प्राप्त करने और पिघले हुए सोने की छड़ें स्थानीय खरीदारों को बेचने के लिए मास्टरमाइंड द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली दो दुकानों की भी तलाशी की गई। जानकारी के अनुसार, एक दुकान से 5.53 किलोग्राम अतिरिक्त सोने की छड़ें बरामद हुई।

सोने की बिक्री में शामिल 11 लोग गिरफ्तार

इस दौरान की गई अलग-अलग करवाई में कुल मिलाकर, सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत 15.05 करोड़ रुपये का 11.88 किलोग्राम 24 कैरेट सोना और 13.17 लाख रुपये की 8.72 किलोग्राम चांदी जब्त की गई। सोने की तस्करी, पिघलाने और अवैध बिक्री में शामिल कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मास्टरमाइंड भी शामिल है, जिसका सोने की तस्करी का पिछला रिकॉर्ड है। यह गिरोह मास्टरमाइंड द्वारा अपने पिता, एक प्रबंधक, चार भाड़े के सोना पिघलाने वालों, तस्करी के सोने का रिकॉर्ड रखने वाले एक एकाउंटेंट और उसके वितरण का काम संभालने वाले तीन डिलीवरी कर्मियों की मिलीभगत से चलाया जा रहा था। सभी आरोपियों को माननीय जेएमएफसी, मुंबई के समक्ष पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सोने की तस्करी और अवैध बिक्री सुनियोजित साजिश

प्रारंभिक निष्कर्ष सोने की तस्करी और अवैध बिक्री के लिए एक सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करते हैं, जो भारत की स्वर्ण आयात नीति का घोर उल्लंघन है और सरकारी राजस्व को चूना लगाने के उद्देश्य से है। DIR उन संगठित तस्करी नेटवर्कों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है, जो राजस्व को नुकसान पहुंचाते हैं, बाजारों को विकृत करते हैं और राजकोषीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं। अवैध सोने के प्रवाह को रोककर और उसे बढ़ावा देने वाली छाया अर्थव्यवस्था को बाधित करके, डीआरआई भारत की आर्थिक और राजकोषीय स्थिरता की रक्षा और एक निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। आगे की जांच जारी है।

लेटेस्ट न्यूज

अतुल सिंह
अतुल सिंह Author

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now ... और देखें

End of Article