शहर

Ahmedabad News: इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की चोरी की बड़ी वारदात, 99.98 लाख रुपये का सामान ले गए आरोपी

अहमदाबाद जिले के चांगोदर में इंग्राम माइक्रो के गोदाम से 21 अक्टूबर की रात करीब 99.98 लाख रुपये के 190 इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स चोरी हो गए। CCTV में दो नकाबपोश संदिग्ध कैद हुए। पुलिस ने जांच के लिए सात टीमें गठित की हैं।

Image

अहमदाबाद में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की चोरी

Photo : Times Now Digital

Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण जिले से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चांगोदर क्षेत्र में इंग्राम माइक्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से करीब 99.98 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स चोरी हो गए। 21 अक्टूबर की देर रात दो नकाबपोश बदमाश गोदाम में घुसे और इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पिछली दीवार के पतरां खोलकर घुसे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गोदाम नवापुरा गांव की सीमा में स्थित है। 22 अक्टूबर की सुबह कर्मचारी महेंद्रसिंह ठाकोर ने मैनेजर सुधीर अय्यप्पन को फोन कर बताया कि गोदाम में सामान बिखरा पड़ा है और कई बॉक्स खुले हुए हैं। इसके बाद मैनेजर और पूर्व गोदाम मैनेजर शैलेश शाह मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि आरोपियों ने गोदाम के पीछे खेत की ओर स्थित दीवार पर लगे धातु के पतरां खोलकर अंदर प्रवेश किया था। CCTV फुटेज के अनुसार, दो संदिग्ध रात करीब 1:30 बजे गोदाम में घुसे और सुबह 2:30 बजे तक वारदात को अंजाम देकर निकल गए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

iPhone, iPad और लैपटॉप समेत 190 सामान चोरी

चोरी हुए सामान में iPhone 16 और iPhone 17, iPad Pro, iPad कीबोर्ड, Apple Watch, Dell और HP के लैपटॉप, बैकपैक और SanDisk स्टोरेज डिवाइस शामिल हैं। शिकायत में चोरी हुए सामान की कुल कीमत 99,98,742 रुपये बताई गई है। अहमदाबाद ग्रामीण की साणंद डिवीजन की DySP नीलम गौस्वामी के मुताबिक, मामले की जांच के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की गई हैं। इनमें LCB, SOG, साइबर और टेक्निकल टीमें शामिल हैं। पुलिस CCTV फुटेज, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से जांच कर रही है। रास्ते में फेंके गए कुछ बॉक्स भी बरामद हुए हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वाहन से आए, उनके साथ और कौन शामिल था और चोरी का सामान कहां भेजा जाना था। पुलिस ने कारोबारियों से संदिग्ध रूप से कम कीमत पर iPhone, iPad या लैपटॉप बेचने की पेशकश होने पर चांगोदर पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article