शहर

PM मोदी का काशी दौरा, गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन कर महिलाओं के सशक्तिकरण और टेक्सटाइल हब पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकाई का उद्घाटन किया। इसके साथ ही वे वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर नमो घाट पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगेज' एयर शो में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

Image

प्रधानमंत्री ने गारमेंट फैक्ट्री का किया उद्घाटन

Photo : ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रविवार को पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण और महिला नेतृत्व वाले विकास को बड़ा बढ़ावा देते हुए अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकाई का औपचारिक उद्घाटन किया। यह उद्घाटन उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल और ड्रेस मैन्यूफैक्चरिंग एरिया के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

वाराणसी से वैश्विक बाजारों तक पहुंचेंगे कपड़े

प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किया गया यह गारमेंट प्लांट मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा संचालित है, जो कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अरविंद लिमिटेड का ग्राहक आधार पूरी दुनिया में फैला हुआ है। इस नए प्लांट की शुरुआत के बाद अब वाराणसी में तैयार होने वाले परिधान सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेंगे। इस विनिर्माण इकाई से न केवल पूर्वांचल क्षेत्र में औद्योगिक विकास में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। रविवार को वाराणसी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री सेना के हेलीकॉप्टर से सीधे अरविंद मिल्स परिसर पहुंचे और उद्घाटन प्रक्रिया संपन्न की।

नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का गगनभेदी एयर शो: 'विंग्स ओवर गंगेज'

कपड़ा फैक्ट्री के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारतीय वायुसेना (IAF) के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हवाई प्रदर्शन 'विंग्स ओवर गंगेज' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह ऐतिहासिक शो वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर आयोजित किया जा रहा है। वायुसेना की प्रसिद्ध 'सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम' (SKAT) और 'सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम' गंगा की लहरों के ऊपर अपनी खतरनाक और हैरतअंगेज कलाबाजियों का प्रदर्शन किया। इस एयर शो में भारत के स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस, प्रचंड, IL-76, IL-78, C-295 और AN-32 के साथ-साथ फ्रंटलाइन फाइटर जेट सुखोई और राफेल अपनी गर्जना से आसमान गूंजे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article