Cyclone Shakti Advisory: मानसून के समाप्त होने के बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवात 'शक्ति' को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के चुनिंदा जिलों में इस चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल सकता है, जिससे तेज बारिश और तेज हवाओं की आशंका बनी हुई है। IMD के मुताबिक, चक्रवात 'शक्ति' का असर 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र के कुछ जिलों पर देखने को मिल सकता है।
इन जिले होंगे प्रभावित
IMD ने मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग के तटीय जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। 4-5 अक्टूबर के बीच चक्रवात 'शक्ति' के कारण इन जिलों में 45-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा चलने की संभावना है।
मछुआरों के लिए आई चेतावनी
IMD के अनुसार, हवा की गति और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इससे समुद्र की लहरें भी रौद्र रूप धारण कर लेंगी। ऐसे में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने के लिए चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने उत्तर कोंकण समेत पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बरसात होने की चेतावनी जारी की है।

महाराष्ट्र सरकार ने जारी की साइक्लोन को लेकर एडवाइजरी
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
चक्रवात शक्ति के कारण कोंकण तट पर घने काले बादल के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने भी 'शक्ति' से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में इस चक्रवात के दौरान पर्यटकों के लिए खास चेतावनी जारी की गई है। लोगों को समुद्री तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
