Navi Mumbai: महाराष्ट्र में ठगी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कभी नौकरी का झांसा देकर तो कई डिजिटल माध्यमों से लाखों रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नवी मुंबई से भी सामने आया है। यहां एक व्यापारी के साथ 77 लाख रुपये की ठगी की गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी करने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
न्हावा शेवा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार को उरण निवासी दोनों महिलाओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा कि यह धोखाधड़ी अक्टूबर 2023 से अप्रैल 2025 के बीच हुई। पिछले दो सालों से ये दोनों महिलाएं ठगी की वारदात को अंजाम दे रही थी।
निवेश का लालच देकर की ठगी
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी महिलाओं ने 34 वर्षीय शिकायतकर्ता को कपड़ा कारोबार में निवेश करने के लिए कथित तौर पर लालच दिया और धन की अधिक वापसी (उच्च रिटर्न) का वादा कर उससे 77 लाख रुपये ऐंठ लिए। उन्होंने बताया कि जब महिलाओं ने ना तो पीड़ित व्यक्ति को निवेश की गई रकम का उच्च रिटर्न दिया और न ही मूल निवेश वापस किया तो शिकायतकर्ता को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
