Nashik News: शहर के औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा पाइपलाइन रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जब एक दोपहिया वाहन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
मृत बच्ची का नाम नविका नेरकर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नविका अपनी मां के साथ दोपहिया वाहन से काम पर जा रही थी, तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरा हादसा पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही सतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय नागरिकों ने इस हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पाइपलाइन रोड पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की जवाबदेही तय की जाएगी। इस हादसे ने नासिक के नागरिकों में गहरा आक्रोश और भय पैदा कर दिया है।
