Bhandup Bus Video: मुंबई के भांडुप इलाके में हुए दर्दनाक बस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने सोमवार रात स्टेशन रोड पर हुए उस भयावह मंजर को कैमरे में कैद कर लिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
CCTV में कैद हुआ हादसे का खौफनाक मंजर
घटनास्थल के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ यात्री सड़क किनारे खड़े हैं, तभी अचानक एक बेस्ट बस रिवर्स दिशा में तेजी से आती है। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं, लेकिन एक व्यक्ति बस के पहियों के नीचे आ जाता है।
स्टेशन रोड पर सब्जी खरीदने उमड़ी थी भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर का इलाका देर रात तक बेहद व्यस्त रहता है। यहां सस्ती सब्जियां खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा होते हैं। इसी भीड़ के बीच बस का रिवर्स में आना हादसे की बड़ी वजह बन गया। एक फार्मासिस्ट साइमिनी मुदलियार, जो पास के बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रही थीं, ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उन्हें अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। अगले ही पल उन्होंने लोगों को बस से गिरते हुए देखा। बस थोड़ी दूर जाकर रुकी, जिसके बाद लोग उसे धक्का देने लगे, क्योंकि कई लोग उसके नीचे फंसे होने की आशंका थी। मुदलियार ने बताया कि जब वह बस के पास पहुंचीं तो उन्होंने खून बहते देखा और कई शव मौके पर पड़े थे। एक व्यक्ति का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि दूसरे को जांघ के पास गंभीर चोट आई थी। हादसा रात करीब 9:35 से 9:45 के बीच हुआ।
यू-टर्न बना हादसे की वजह?
स्थानीय लोगों का कहना है कि भांडुप स्टेशन पर समाप्त होने वाली बसों को देर शाम फेरीवालों और भारी भीड़ के कारण स्टेशन के बाहर यू-टर्न लेने में काफी परेशानी होती है। इसी दौरान बस के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त (जोन VII) हेमराज राजपूत ने बताया कि मृतकों में पैदल यात्री भी शामिल थे, जो अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने पुष्टि की कि चार लोगों की मौत हुई है और नौ घायलों का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे पिछले साल कुर्ला में हुए बेस्ट इलेक्ट्रिक बस हादसे से जोड़ते हुए गहन जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में निर्दोष नागरिकों की जान न जाए।
