मुंबई : महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। पिछले कई दिनों से जारी बारिश शुक्रवार को और तेज हो गई, जिससे मुंबई, भिवंडी और आसपास के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
भिवंडी में बाजार और सड़कें जलमग्न
बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण ठाणे जिले के भिवंडी शहर में हालात सबसे अधिक खराब हैं। तीनबत्ती, मुख्य बाजार और कई निचले इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। मुख्य सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और कई दुकानों के भीतर पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान की आशंका है। जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ है। गटर और सीवर चैंबर उफान पर हैं, जिससे जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लोगों को पानी के बीच से होकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
भिवंडी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई गांवों में खेत, सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, जबकि कई आंतरिक सड़कें डूब जाने से गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई में पांच घंटे में 70 मिमी से ज्यादा बारिश
मुंबई में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश जारी रही। नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, केवल पांच घंटे में शहर के कई हिस्सों में 70 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश हुई।
वहीं, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान शहर में 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 150.2 मिमी बारिश वाडी बंदर में हुई। इसके बाद मालाबार हिल में 145.8 मिमी, सैंडहर्स्ट रोड में 140.8 मिमी, पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी के मालपा डोंगरी नगर निगम विद्यालय में 136.6 मिमी और पूर्वी उपनगरों में पवई में 124 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कई इलाकों में जलभराव
लगातार बारिश के कारण दादर, अंधेरी, गोरेगांव, परेल सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हुआ। हालांकि सुबह तक अधिकांश स्थानों से पानी निकल गया। सुबह कुछ समय के लिए बारिश की तीव्रता कम हुई, लेकिन आठ बजे के बाद फिर कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - महाराष्ट्र में मॉनसून का कहर, मुंबई समेत 4 जिलों में दो दिन रेड अलर्ट; तूफानी हवाओं संग हाई टाइड की चेतावनी
बारिश के बावजूद मुंबई मेट्रो, उपनगरीय लोकल ट्रेन और बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। हालांकि यात्रियों ने कई मार्गों पर ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से चलने की शिकायत की।
तेज हवाओं और हाई टाइड की चेतावनी
आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को इन जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पालघर और ठाणे के लिए शनिवार और रविवार को भी रेड अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटीय क्षेत्रों और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
भारी बारिश के बीच गुरुवार को पश्चिमी उपनगर चांदीवली में एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। यह इस सप्ताह बारिश से जुड़ी दूसरी मौत है। इससे पहले मंगलवार को पूर्वी उपनगर चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई थी। लगातार हो रही बारिश और अगले दो दिनों के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
