शहर

महाराष्ट्र में मॉनसून का कहर, मुंबई समेत 4 जिलों में दो दिन रेड अलर्ट; तूफानी हवाओं संग हाई टाइड की चेतावनी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन महाराष्ट्र के चार जिलों में तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान मुंबई के समुद्र तटीय हिस्सों पर हाई टाइड का अलर्ट है।

Image

महाराष्ट्र में मॉनसूनी बारिश का रेड अलर्ट

मुंबई : महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 जुलाई के लिए मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा (Extremely Heavy Rainfall) होने की आशंका जताई गई है। वहीं 5 जुलाई के लिए पालघर में भी रेड अलर्ट बरकरार रखा गया है।

आईएमडी के अनुसार, 3 से 6 जुलाई तक पालघर और ठाणे में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई और रायगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।

मुंबई में हाई टाइड का खतरा

इस बीच, मुंबई में शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुताबिक, वाडी बंदर में सबसे अधिक 150.2 मिमी, मालाबार हिल में 145.8 मिमी और सैंडहर्स्ट रोड क्षेत्र में 140.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी के मालपा डोंगरी नगर निगम विद्यालय में 136.6 मिमी, जबकि पूर्वी उपनगरों में पवई में 124 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

लगातार बारिश के कारण दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, हालांकि सुबह तक अधिकांश स्थानों से पानी निकल गया। सुबह कुछ समय के लिए बारिश की तीव्रता कम हुई, लेकिन आठ बजे के बाद शहर के कई हिस्सों में फिर तेज बारिश शुरू हो गई।

बीएमसी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया है कि दिन के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना है। शुक्रवार दोपहर 4.28 मीटर तक हाई टाइड आने का अनुमान जताया गया है, जिसके चलते समुद्र तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

बारिश के बावजूद मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं सुबह के समय सामान्य रहीं, हालांकि कुछ यात्रियों ने ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी की शिकायत की। वहीं BEST की बस सेवाओं पर भी किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं है।

मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। अगले 48 घंटों के दौरान कोंकण क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां और तेज रहने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article