शहर

मुंबई मेट्रो-14 का मास्टरप्लान, खाड़ी के नीचे दौड़ेगी मेट्रो, अब PPP मॉडल से नहीं बनेगा प्रोजेक्ट

मुंबई मेट्रो-14 प्रोजेक्ट को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी चल रही है। पहले चरण में शिलफाटा से बदलापुर तक मेट्रो लाइन विकसित की जा सकती है। वहीं दूसरे चरण में कांजुरमार्ग तक मेट्रो लाइन का विस्तार होगा। इस दौरान ठाणे क्रीक के नीचे सुरंग बनाकर मेट्रो चलाई जाएगी।

Image

सांकेतिक फोटो

Mumbai Metro 14 Project: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। लंबे समय से चर्चा में रही मुंबई मेट्रो-14 परियोजना को अब चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना तैयार की जा रही है। इस प्रोजेक्ट से सबसे ज्यादा राहत बदलापुर और आसपास के इलाकों के लाखों लोगों को मिलने की उम्मीद है।

मुंबई मेट्रो 14 का पहला फेज

योजना के अनुसार, मेट्रो-14 के पहले फेज में शिलफाटा से बदलापुर रूट का निर्माण किया जा सकता है। करीब 25 किमी लंबे इस कॉरिडोर को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। इस रूटके बनने से तेजी से बढ़ती आबादी वाले इलाके को बेहतर और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में बदलापुर से मुंबई और ठाणे की ओर यात्रा करने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक जाम झेलना पड़ता है और यात्रा का समय भी काफी लंबा रहता है।

मुंबई मेट्रो 14 का दूसरा चरण

परियोजना के दूसरे चरण में शिलफाटा से कांजुरमार्ग तक कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस हिस्से को तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके लिए ठाणे क्रीक (खाड़ी) के नीचे मेट्रो लाइन का निर्माण करना होगा। इसके अलावा पर्यावरण संबंधी मंजूरियों और जटिल इंजीनियरिंग कार्यों के कारण भी इस हिस्से को पूरा होने में ज्यादा समय लग सकता है।

EPC मॉडल के तहत निमार्ण की तैयारी!

पहले इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना बनाई जा रही थी, लेकिन पर्याप्त निवेशक रुचि नहीं मिलने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। जिसके बाद अब इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

मेट्रो -14 से किन लोगों को होगा फायदा

मेट्रो-14 परियोजना के पूरा होने से बदलापुर, निलजे, घंसोली, महापे और शिलफाटा जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। साथ ही इस प्रोजेक्ट से मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के बीच ट्रांजिट नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी।

फिलहाल इस परियोजना की लागत और तकनीकी जरूरतों का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की एक सलाहकार समिति बनाने की तैयारी चल रही है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर परियोजना का अंतिम ब्लूप्रिंट बनाया जाएगा। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो मेट्रो-14 मुंबई क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण और गेम-चेंजर परिवहन परियोजनाओं में से एक साबित हो सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article