मुंबई : महाराष्ट्र में मॉनसूनी बारिश ने कहर मचा रखा है। खासकर मुंबई में शनिवार को लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि भीड़भाड़ के समय मेट्रो लाइन-2ए पर तकनीकी खराबी आने से यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गईं। उधर, समुद्र में हाई टाइड के चलते गेटवे ऑफ इंडिया और मरीन ड्राइव पर ऊंची-ऊंची लहरें उठती नजर आईं।
महा मुंबई मेट्रो परिचालन निगम लिमिटेड (MMMOCL) के अनुसार, मेट्रो लाइन-2ए पर दहिसर पूर्व और कांदरपाड़ा स्टेशनों के बीच तकनीकी खराबी आने से ट्रेन सेवाएं करीब 90 मिनट तक प्रभावित रहीं। इस दौरान दहानुकरवाड़ी और दहिसर पूर्व के बीच ट्रेनों का संचालन "सिंगल-लाइन बाई-डायरेक्शनल सिस्टम" के तहत किया गया, यानी एक ही ट्रैक पर दोनों दिशाओं में ट्रेनों को नियंत्रित तरीके से चलाया गया। बाद में तकनीकी टीमों ने खराबी दूर कर दी, जिसके बाद दोनों ट्रैक पर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -Mumbai Rain: मुंबई में आफत की बारिश! डूबीं पश्चिमी उपनगरों की सड़कें; कंदरपाड़ा-आनंदनगर के बीच मेट्रो ठप
दहिसर पूर्व से अंधेरी पश्चिम के बीच चलने वाली मेट्रो लाइन-2ए मानसून के दौरान यात्रियों के लिए अहम परिवहन साधन मानी जाती है, क्योंकि लोग सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को लंबी देरी और भीड़ का सामना करना पड़ा।
पेड़ गिरने और घरों में पानी भरने की शिकायतें
इस बीच, भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फायर ऑफिसर विशाल शिर्के ने बताया कि लगातार पेड़ गिरने और घरों में पानी भरने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा, "कई लोगों को घरों से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हमारी 8 से 10 टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं और कंट्रोल रूम में लगातार मदद के लिए कॉल आ रहे हैं।"
समुद्र में हाई टाइड के कारण गेटवे ऑफ इंडिया और मरीन ड्राइव पर भी लहरों का जबरदस्त उफान देखने को मिला। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच बड़ी संख्या में लोग समुद्र का नजारा देखने पहुंचे, हालांकि प्रशासन ने लोगों से समुद्र के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।
लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम विभाग ने भी लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन की विभिन्न एजेंसियां जलभराव वाले इलाकों की निगरानी कर रही हैं और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं।
