Mumbai Rain Update: महाराष्ट्र में मानसून ने अपना प्रचंड और रौद्र रूप धारण कर लिया है। शनिवार को मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में सुबह से ही हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में भारी जलभराव शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर सहित राज्य के 7 जिलों के लिए शनिवार और रविवार के लिए भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
अचानक हुई तेज बारिश के कारण मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली और बोरीवली जैसे प्रमुख इलाकों की सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया है। लगातार हो रही बारिश और सड़कों पर जलभराव के चलते ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। वाहन चालकों को बेहद धीमी गति और सावधानी से सफर करना पड़ रहा है। अंधेरी के चांदीवली इलाके में घुटनों तक पानी भर गया है जिसके बाद राज ठाकरे की पार्टी MNS के वार्ड अध्यक्ष महेंद्र भानुशाली ने अपने कार्यकर्ताओं के टायर में ट्यूब पर बैठकर "Water Kingdom" बोलकर BMC की नाकामी का अनोखे तरह से विरोध दर्ज किया।
मुंबई मेट्रो की येलो लाइन प्रभावित
बारिश और तकनीकी खराबी के बीच मुंबईवासियों को सबसे बड़ा झटका मेट्रो सेवाओं में लगा है। महा मुंबई मेट्रो रूट 2A (येलो लाइन) पर कंदरपाड़ा और आनंदनगर स्टेशनों के बीच ओवरहेड केबल (OHE) टूटने के कारण सेवाएं आंशिक रूप से बाधित हो गई हैं।
तकनीकी खराबी के बाद कंदरपाड़ा और दहिसर ईस्ट स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाओं में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। अंधेरी वेस्ट से दहानुकरवाड़ी के बीच मेट्रो सामान्य रूप से चल रही है, लेकिन प्रभावित रूट पर ट्रेनों को सिंगल-लाइन के जरिए रेगुलेट कर चलाया जा रहा है।
अगले 3 घंटों के लिए 'तत्काल चेतावनी'
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले 3 घंटों के भीतर मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और जलगांव जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और गरज के साथ तीव्र मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए बीएमसी (BMC), आपदा प्रबंधन और अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
स्कूलों में छुट्टियां, ये घाट पूरी तरह बंद
संभावित खतरों और रेड अलर्ट की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन नवी मुंबई, ठाणे, पालघर, भिवंडी और कल्याण-डोम्बिवली क्षेत्रों के सभी स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। वहीं, रायगढ़ जिले के अंबेनाली घाट में सुरक्षा कारणों से पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग को 3 से 7 जुलाई 2026 तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके अलावा काशेदी, परशुराम और वरंधा घाट क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए NHAI और THDC की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
