Mumbai Local Murder: मुंबई की लोकल ट्रेन में शनिवार शाम एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मालाड रेलवे स्टेशन पर उतरने के दौरान हुई कहासुनी में एक कॉलेज शिक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय आलोक सिंह के रूप में हुई है, जो नार्सी मोंजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स में जूनियर कॉलेज सेक्शन में पढ़ाते थे।
चलती ट्रेन में अचानक हमला
पुलिस के मुताबिक आलोक सिंह शनिवार शाम विले पार्ले से बोरीवली की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हुए थे। शाम करीब छह बजे जब ट्रेन मालाड स्टेशन पर पहुंच रही थी, उसी दौरान एक सहयात्री से ट्रेन से उतरने को लेकर उनका विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अचानक किसी नुकीली चीज से आलोक सिंह के पेट पर हमला कर दिया और स्टेशन पर उतरकर मौके से फरार हो गया। घायल हालत में आलोक सिंह को तुरंत कांदिवली स्थित बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनके पेट में गहरा घाव था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
परिवार सदमे में
आलोक सिंह के सहकर्मियों और परिजनों के अनुसार वह बेहद शांत, मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे। कॉलेज के एक शिक्षक ने बताया कि आलोक अक्सर छात्रों और सहकर्मियों के बीच विवाद सुलझाने में मदद करते थे और किसी से झगड़ा करना उनकी आदत में नहीं था। वह 2024 से कॉलेज में गणित और सांख्यिकी पढ़ा रहे थे और हाल ही में शादी के बाद मालाड ईस्ट में पत्नी के साथ रह रहे थे।
पुलिस जांच तेज, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
रेलवे पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बोरीवली जीआरपी ट्रेन के यात्रियों से पूछताछ कर रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मालाड और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द कर ली जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
