शहर

मुंबई के घाटकोपर में तड़के ढही पहाड़ी! चॉल के मकानों पर गिरा मलबा, 6 की मौत; मेयर ने किया मुआवजे का ऐलान

मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित गौसिया चॉल इलाके में बुधवार तड़के पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा 2-3 मकानों पर गिर गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

Image

राहत और बचाव कार्य जारी

मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार तड़के एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित गौसिया चॉल इलाके में तड़के करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे बने 2 से 3 मकानों पर आ गिरा। पीटीआई के मुताबिक इस भीषण हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 3 बच्चे शामिल हैं। जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सोते रह गए लोगों पर गिरा मलबा

भारी बारिश के कारण पहाड़ी की मिट्टी और पत्थर ढीले होकर अचानक नीचे बने पक्के व कच्चे मकानों पर गिर पड़े। अधिकारियों के अनुसार, चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल में सुबह 3:48 बजे भूस्खलन हुआ। जिससे 2 से 3 मकान पूरी तरह मलबे में दब गए। मौके पर अग्निशमन दल, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), एम्बुलेंस सेवा और संबंधित वार्ड के कर्मचारियों की टीमों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे के बाद दबे लोगों को निकालकर घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

6 की मौत, 4 घायल

नगर निगम (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, इस त्रासदी में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के सदस्य और छोटे बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान मरजीना आरिफ शेख (27 वर्ष), मनात आरिफ शेख (4 वर्ष), अबान आरिफ शेख (2 वर्ष), मोहम्मद समीर अंसारी (14 वर्ष), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19 वर्ष) और अज्ञात व्यक्ति (लगभग 45 वर्ष) के तौर पर हुई है। हादसे में सुहैल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) घायल हैं। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

राहत और बचाव कार्य में आ रही मुश्किल

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। चॉल तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है, जहां से एक बार में केवल एक ही व्यक्ति गुजर सकता है। इस कारण बुलडोजर या भारी मशीनरी को मौके पर तैनात करना असंभव साबित हो रहा है। फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, NDRF, एम्बुलेंस सेवा और BMC वार्ड स्टाफ के जवान हाथों और छोटे उपकरणों की मदद से मलबा हटाने के काम में जुटे हुए हैं।

मेयर ने किया मुआवजे का ऐलान

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने खुद घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों की समीक्षा की और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने का ऐलान भी किया। इसके अलावा, अस्पताल में इलाज करा रहे प्रत्येक घायल व्यक्ति के इलाज के लिए 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाने की घोषणा भी की।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article