Maihar News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक बेहद दुखद खबर आई है। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शिवपुर-खरमसेड़ा में शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक कुएं में गिरे मरे बैल को बाहर निकालने के प्रयास में एक ही परिवार के तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में उतरे चार लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा गांव के ही रहने वाले रामनिवास कुशवाहा के कुएं पर हुआ। कुएं में एक बैल काफी समय से मृत अवस्था में पड़ा था। उसकी लाश को बाहर निकालने के लिए गांव के ही एक यादव परिवार के चार सदस्य वहां पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि बैल को बांधने के लिए सबसे पहले एक व्यक्ति कुएं के भीतर उतरा, लेकिन दम घुटने के कारण वह कुछ ही पलों में बेहोश हो गया। उसे बचाने की फिराक में दूसरा, फिर तीसरा और चौथा व्यक्ति भी कुएं में उतरता चला गया। लेकिन कुएं के भीतर मौजूद जानलेवा माहौल के कारण देखते ही देखते चारों की हालत बेहद बिगड़ गई।
तीन युवकों ने तोड़ा दम, एक गंभीर हालत में रेफर
हालात बिगड़ने पर आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 की टीम को सूचित किया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से चारों को किसी तरह बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीन युवकों - कृष्ण कुमार यादव पुत्र रामदास यादव, बीरेन्द्र यादव पुत्र जगदीश प्रसाद यादव, राहुल यादव पुत्र मोतीलाल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से बीमार रामचंद्र यादव को पहले सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया है।
