Agar Malwa News: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दुखद हादसे की खबर सामने आई है। प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के समीप तेज बारिश के बाद उफान पर आए एक बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
रातभर हुई तेज बारिश के बाद उफान पर था नाला
जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन और पूजन करने के लिए नलखेड़ा आए हुए थे। क्षेत्र में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के चलते मंदिर के समीप स्थित बरसाती नाला पूरे उफान पर था। अंदेशा जताया जा रहा है कि देर रात या तड़के अंधेरे में नाला पार करते समय जलस्तर और बहाव का अंदाजा न होने के कारण कार अनियंत्रित होकर गहरे नाले में बह गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की रेस्क्यू टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और नाले में बही कार तथा शवों को बाहर निकालने के लिए बड़ा ऑपरेशन चलाया।
मृतकों की शिनाख्त की कोशिश जारी
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, नाले से 8 श्रद्धालुओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनके पास मिले सामान, वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।
खबर अपडेट की जा रही है...
