भोपाल : मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा' की शुरुआत की। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन बसों का संचालन प्रदेश के सात शहरों में किया जाएगा। इनमें इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 351 बसों से शुरू हुई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करेगी। पहले चरण में मध्य प्रदेश की सड़कों पर 1,500 बसें उतारने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL), आईआईएम इंदौर और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ।
गांवों से शहरों तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में सड़क परिवहन को बेहतर बनाने और लोगों की आवाजाही आसान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। सरकार का प्रयास है कि छोटे गांवों और कस्बों तक भी परिवहन सुविधाएं पहुंचें, ताकि लोगों को जरूरी कामों के लिए आवागमन में परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर परिवहन सुविधाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों के नेटवर्क का भी विस्तार किया जा रहा है।
मोहन यादव ने कहा एक ओवरब्रिज और टोल से जुड़े मामले पर चर्चा के बाद नए ओवरब्रिज के निर्माण तक मुफ्त टोल की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। गडकरी ने प्रदेश में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
आम लोगों के लिए आसान होगी यात्रा-नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने नई बस सेवाओं की शुरुआत के लिए मध्य प्रदेश सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं और आधुनिक परिवहन सेवाओं से आम लोगों की यात्रा आसान होगी। उन्होंने कहा कि जो लोग निजी टैक्सी का खर्च वहन नहीं कर सकते, उनके लिए ये बसें सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराएंगी।
किस शहर में कितनी बसें
| शहर | कुल बसें | इंटरसिटी बसें | इंट्रासिटी बसें |
| इंदौर | 145 | 50 | 95 |
| भोपाल | 106 | 23 | 83 |
| जबलपुर | 67 | 14 | 53 |
| रीवा | 18 | 18 | 0 |
| देवास | 10 | 10 | 0 |
| कटनी | 3 | 3 | 0 |
| भिंड | 2 | 2 | 0 |
| कुल | 351 | 120 | 231 |
2031 तक 15 हजार बसें चलाने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 2031 तक 15,000 बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा है। पहले वर्ष में 1,500 बसें चलाने की योजना है। इसके बाद हर साल करीब 2,500 से 3,000 बसें परिवहन व्यवस्था में जोड़ी जाएंगी
