शहर

MP Weather: मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश का कहर, ओलों-आंधी से बढ़ी ठंड; आज 14 जिलों में IMD का अलर्ट

मध्य प्रदेश का मौसम (MP में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 Jan 2026: मध्य प्रदेश में ठंड के मौसम में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। जिसके बाद राज्य में ठंड फिर से बढ़ गई है। आज भी 14 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Image

मध्य प्रदेश का मौसम (AI Image)

MP में आज का मौसम (28 Jan 2026): मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। ठंड के मौसम में यहां बेमौसम बारिश का दौर चल रहा है। मंगलवार को एमपी के 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान गुना, उज्जैन, शाजापुर और आगर-मालवा समेत राज्य के कई हिस्सों में ओले भी गिरे। आईएमडी के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के कारण एमपी में मौसम बिगड़ा हुआ है। जिसके कारण आज भी कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज मध्य प्रदेश में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के 14 जिलों में बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। साथ ही आंधी चलने की भी संभावना है। इन जिलों में ग्वालियर, मुरैना, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, मऊगंज, दमोह और सागर शामिल हैं। आज सुबह एमपी के कई हिस्सों में कोहरे का भी असर देखने को मिला। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर, ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, मुरैना, मैहर और रीवा में सुबह-सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा।

बारिश के बाद एमपी में बढ़ी ठंड

मध्य प्रदेश में मंगलवार को हुई बारिश के बाद एक बार फिर ठंड की वापसी हो गई है। तेज हवाओं के कारण कंपकंपी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, देवास, खंडवा, शाजापुर, शिवपुरी, मऊगंज, सागर, उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश हुई। जिसके बाद आज ठंड भी बढ़ गई है। ग्वालियर में बारिश के बाद आज कक्षा-8 तक के स्कूलों की छुट्टी भी घोषित कर दी गई है।

मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा जिला

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को एमपी में सबसे कम न्यूनतम तापमान शिवपुरी में रहा। यहां पर न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद खुजराहों में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रिकॉर्ड हुआ। वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान मुरैना में 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 3 जिलों में 30 डिग्री या उससे ऊपर अधिकतम पारा रहा। जिनमें मंडला, खंडवा और खरगौन शामिल हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article