शहर

MP Budget 2026: बिना नए टैक्स के बोझ के आया मध्य प्रदेश का मेगा बजट, महिला-किसान और युवाओं पर खास फोकस

मध्यप्रदेश सरकार ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। जिसमें युवा, महिला और किसान पर खास फोकस किया गया है। बजट में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है। बजट में लाडली बहना योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

Image

मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री ने आज पेश किया बजट

Photo : PTI

MP Budget 2026: मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.38 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। यह मोहन यादव सरकार का तीसरा बजट है। जिसमें महिला, किसान, युवा, बुनियादी ढांचे और उद्योग पर खास फोकस किया गया है। इस बजट में किसी भी नए कर का बोझ जनता पर नहीं डाला गया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने राज्य विधानसभा में विपक्ष की टोका-टोकी और व्यवधानों के बीच यह बजट पेश किया। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यों ने राज्य के लोगों पर बढ़ते कर्ज के बोझ पर चिंता जताई और नारेबाजी की।

महिला कल्याण योजनाओं के लिए 1.27 करोड़ रुपये

वित्त मंत्री ने अपने करीब 90 मिनट के भाषण में कहा कि बजट गरीब कल्याण, युवा शक्ति, अन्नदाता किसान, नारी शक्ति (महिला सशक्तिकरण), बुनियादी ढांचा और उद्योग मॉडल पर आधारित है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के लिए लगभग तीन लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। देवड़ा ने स्वयं सहायता समूहों एवं उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं के लिए 1,27,555 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए 5,700 छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा।

सिंहस्थ कुंभ के लिए 3600 करोड़ का आवंटन

बजट में लाडली बहना योजना के लिए 23,883 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं को 1,500 रुपये की मासिक सहायता मिलती है। सरकार ने 2023 में शुरू किए गए कार्यक्रम के तहत अब तक 52,304 करोड़ रुपये वितरित किए हैं। वित्त मंत्री ने 2028 में उज्जैन में होने वाले धार्मिक आयोजन ’सिंहस्थ कुंभ’ के लिए 3,600 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान की घोषणा की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के लिए 40,062 करोड़ रुपये का आवंटन प्रस्तावित किया गया है।

बजट में कोई नया टैक्स नहीं

देवड़ा ने घोषणा की कि 15,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी जबकि सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को ’टेट्रा पैक’ दूध मुफ्त में उपलब्ध दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा। वित्त मंत्री ने विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), (वीबी-जी राम जी) के लिए 10,428 करोड़ रुपये और पीएम जनमन योजना के लिए 900 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को समर्पित है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि एक लाख किसानों को सौर पंप प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा श्रम विभाग के लिए 1,335 करोड़ रुपये, सड़कों की मरम्मत के लिए 12,690 करोड़ रुपये और जल जीवन मिशन के लिए 4,454 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। देवड़ा ने कहा कि बजट का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ’विकसित भारत’ के सपने को साकार करना है। हर महिला के लिए न्याय सुनिश्चित करना सरकार का उद्देश्य है और युवाओं को रोजगार प्रदान करना इसका संकल्प है।

कांग्रेस विधायकों ने बजट भाषण के दौरान किया हंगामा

बजट भाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने विधायक निधि में वृद्धि नहीं होने पर हंगामा किया और आसंदी के निकट आकर नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनसे व्यवस्था बनाए रखने और अपनी सीट पर लौटने का आग्रह किया लेकिन उनका हंगामा जारी रहा। कांग्रेस विधायकों ने यह भी कहा कि राज्य का कर्ज लगातार बढ़ रहा है और सरकार का कहना है कि सब कुछ ठीक है। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने दावा किया कि बजट सत्र से पहले ही सरकार द्वारा 5,600 करोड़ रुपये का उधार लिया जाना इस बात का संकेत है कि राज्य कर्ज के बोझ तले दबा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, ’’ सरकार जनता के कर के पैसे से कर्ज लेकर घी पी रही है और विकास के नाम पर केवल भ्रम फैला रही है।’’

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article