MP Accident: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसकी चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद जन्मदिन का जश्न मनाने गए युवकों के घर में मामत पसर गया है। सड़क दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे का शिकार हुए तीनों युवकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मातम में बदला जन्मदिन का जश्न
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जन्मदिन मनाकर रविवार देर रात घर लौट रहे युवकों की कार सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गई। हादसे के दौरान कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिसमें से तीनों की ही मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह हादसा थाना कुरवाई के अंतर्गत मेलुआ चौकी क्षेत्र में हुआ और घायलों का विदिशा जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
ढाबे में जन्मदिन मनाने गए थे युवक
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने कहा कि कार में सवार सभी लोग एक स्थानीय ढाबे में जन्मदिन मनाकर कुरवाई लौट रहे थे। काशवानी ने बताया कि मारे गए लोगों की पहचान 21 वर्षीय अंकित साहू, 19 वर्षीय तन्मय शर्मा और 30 वर्षीय जगदीश साहू के रूप में हुई है जबकि विदिशा के राघवजी कॉलोनी में रहने वाले जगदीश गोंड, अभियुम अहिरवार और तन्मय श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े डंपर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और लापरवाही का प्रकरण दर्ज किया गया है, साथ ही मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भिड़ंत इतनी तेज थी कि कार का आधा हिस्सा डंपर के पिछले हिस्से में घुस गया। उन्होंने कहा कि जेसीबी मशीन की सहायता से कार को निकाला गया और फिर स्थानीय लोगों की मदद से शवों तथा घायलों को निकाला गया।
(इनपुट - भाषा)
