देश

कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के आरोपों ने पकड़ा तूल, बीजेपी आक्रामक, बांसुरी स्वराज का राहुल गांधी से सवाल- चुप्पी क्यों?

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने अपनी प्रेस वार्ता में दावा किया कि मई 2026 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 11 छात्राओं ने कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

Image

बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी से पूछे सवाल

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधा है। बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी से इस मुद्दे पर जवाबदेही की मांग की। वहीं, इस मामले को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा भी कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है। बीजेपी महिला मोर्चा कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन का घेराव कर प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में बीजेपी की सभी महिला सांसदों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पार्टी इस मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है।

11 छात्राओं की शिकायतों का किया जिक्र

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने अपनी प्रेस वार्ता में दावा किया कि मई 2026 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 11 छात्राओं ने कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने POSH कानून के तहत एक आंतरिक समिति गठित की और जांच के बाद 9 अक्टूबर 2026 को सांसद को उनकी नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया।

बांसुरी स्वराज ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि छात्राओं से अकादमिक मूल्यांकन के दौरान कथित तौर पर अनुचित और यौन प्रकृति के सवाल पूछे गए। उन्होंने अनचाहे शारीरिक संपर्क और छात्राओं को देर रात घर बुलाकर अकादमिक मूल्यांकन किए जाने के आरोपों का भी जिक्र किया।

‘Smash the Patriarchy’ क्या सिर्फ राजनीतिक नारा है?

बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस के लिए ‘Smash the Patriarchy’ केवल एक राजनीतिक नारा है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला अधिकारों और नारीवाद की बात तो करती है, लेकिन जब अपनी ही पार्टी के एक सांसद से जुड़े गंभीर आरोपों पर जवाब देने की बात आती है, तो नेतृत्व चुप्पी साध लेता है। बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

राहुल गांधी पर हमला

बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा, राहुल गांधी जी, यह राष्ट्र आपके चयनात्मक आक्रोश के लिए आपको लताड़ता है। उन्होंने आगे राहुल गांधी पर राजनीतिक एजेंडे और गलत नैरेटिव के जरिए मुद्दों को उठाने का आरोप लगाते हुए कहा, राहुल गांधी जी, यह राष्ट्र आपके सुनियोजित घोटालों के लिए आपको लताड़ता है। राहुल गांधी जी, यह राष्ट्र आपके झूठे बयानों के लिए आपको लताड़ता है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी उठाया मुद्दा

बांसुरी स्वराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आई है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लागू करने में बाधा डालते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों की बात करने के बावजूद कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे सांसद के मामले में चुप्पी बनाए हुए हैं।

इंदिरा भवन का घेराव करेगा बीजेपी महिला मोर्चा

कांग्रेस सांसद पर लगे आरोपों को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। महिला मोर्चा कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन का घेराव करेगा। इस प्रदर्शन में बीजेपी की सभी महिला सांसदों के शामिल होने की बात कही गई है। बीजेपी महिला मोर्चा की इस पहल को कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी इस मुद्दे को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी में है। बीजेपी का प्रदर्शन कल होगा।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article