शहर

Surat: गुस्से की आग में माता बनी कुमाता; दो साल की मासूम को उतारा मौत के घाट

सूरत के वराछा इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपनी ही दो साल की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस वारदात की सच्चाई उजागर हुई और पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना ने मां-बेटी जैसे पवित्र रिश्ते और समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

सूरत में दिल दहला देने वाली वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Surat News: बच्चों के लिए मां ही उनका संसार है। मां के होने से बच्चों की जिंदगी का हर पल गुलजार हो जाता है। लेकिन क्या हो अगर वहीं माता कुमाता बन जाए? सूरत के वराछा क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी ही दो साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस खौफनाक वारदात की पूरी सच्चाई सामने आई। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला वराछा इलाके में एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसकी पहले शादी हो चुकी थी और उस विवाह से उसके चार बच्चे भी हैं।

आखिर क्यों उतारा मौत के घाट?

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि मासूम बच्ची बार-बार खाना खाने की जिद कर रही थी। उसकी इस जिद से मां इतना गुस्से में आ गई कि उसने अपना आपा खो दिया और बच्ची पर हमला कर बैठी। गुस्से में उसने बेलन सहित अन्य सामान से उसे बुरी तरह पीटा, जिससे बच्ची को गंभीर चोटें आईं। हालत नाजुक होने पर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई सच्चाई

शुरुआत में यह मामला संदिग्ध नजर आ रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद सच्चाई उजागर हो गई और यह साफ हो गया कि बच्ची की मौत मारपीट के चलते हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरत पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम जांच में बच्ची के शरीर पर गहरी चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जो बेरहमी से की गई पिटाई की ओर इशारा करते हैं।

घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अपनी ही बच्ची की सही देखभाल करने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना ने मां-बेटी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर समाज में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article