Moradabad Police Encounter: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में वांटेड शार्पशूटर आशु उर्फ मोंटी घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी लंबे समय से वांछित था, उसपर 50 हजार का इनाम भी घोषित था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस इस केस में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हापुड़ का रहने वाला है बदमाश
पुलिस ने बताया कि आशु हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर कलां गांव का रहने वाला है। बुधवार को सिविल लाइंस इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया। जहां आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी के खिलाफ करीब 36 केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी हत्या की कोशिश और मुरादाबाद के एक कारोबारी से कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित था। अधिकारियों के मुताबिक, आशु का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई जिलों में हत्या, हत्या की कोशिश और डकैती समेत कई जघन्य मामलों के लगभग 36 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार, .32 बोर की एक पिस्तौल, .32 बोर की एक रिवॉल्वर और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए।
2010 में पहली बार जेल गया आशु
अधिकारियों ने बताया कि आशु पहली बार 2010 में हत्या की एक मामले में जेल गया था, उसी दौरान वह उधम सिंह गैंग के संपर्क में आया। उन्होंने बताया कि जमानत पर रिहा होने के बाद आशु ने गिरोह के लिए कथित तौर पर काम करना शुरू कर दिया और गंभीर अपराधों में शामिल रहा। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
