उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित हरथला की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की है। मृतक महिला की पहचान 26 वर्षीय प्रतिभा राणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अमरोहा जिले के पुष्कर नगर की रहने वाली थीं। वह पिछले करीब एक साल से मुरादाबाद में किराए पर रह रही थीं और एक प्राइवेट बैंक के लोन विभाग में काम करती थीं।
पड़ोसियों ने खिड़की से देखा तो हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर तक प्रतिभा अपने कमरे से बाहर नहीं निकलीं। पड़ोस में रहने वाली युवतियों को जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने किचन की खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो प्रतिभा का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
परिजनों की मौजूदगी में तोड़ा गया दरवाजा
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस ने पहले परिजनों को सूचना दी। फिर उनकी मौजूदगी में पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराते हुए दरवाजा तुड़वाया और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
