शहर

मानसून ने गुजरात में दी जोरदार दस्तक, जारी हुआ बारिश का अलर्ट; इन क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री के पार

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात में प्रवेश कर सूरत तक पहुंच चुका है और इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिण गुजरात में बारिश दर्ज की गई है, जबकि उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र में तापमान बढ़कर 40.5°C तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटों में दक्षिण गुजरात में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम और सक्रिय रहने की संभावना है।

Image

गुजरात में मानसून की जबरदस्त एंट्री (फोटो- AI)

Southwest Monsoon Gujarat Update 2026: भारतीय मौसम विभाग (IMD) की लेटेस्ट जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को गुजरात में प्रवेश कर चुका है और सूरत तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि आगे इसके और विस्तार के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। गांधीनगर और राजकोट में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

भारी बारिश की संभावना

IMD ने अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण गुजरात के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक गुजरात के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

15 जून तक गुजरात में पहुंचता है मानसून

आमतौर पर मानसून 15 जून तक गुजरात में पहुंच जाता है, लेकिन इस वर्ष इसमें देरी हुई है। IMD के नवीनतम अपडेट में कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 24 जून 2026 को उत्तर-पूर्व अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के शेष क्षेत्रों, साथ ही छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।

इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों में इसके मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के कुछ और हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article