Mumbai News: महाराष्ट्र में मीरा-भायंदर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (MBMC) ने आज यानी सोमवार 8 जून तड़के करीब 5 बजे भायंदर ईस्ट के गोल्ड नेस्ट सर्कल इलाके में बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की। MBMC ने यहां बिना अनुमति बनी नूरी मस्जिद और उसी परिसर में मौजूद अन्य अवैध निर्माणों पर तोड़-फोड़ अभियान चलाया। बता दें कि यह कार्रवाई लंबे समय से चल रहे अवैध निर्माणों की जांच और प्रशासनिक आदेशों के तहत की गई है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने संवेदनशील हालात को देखते हुए बैरिकेडिंग की और आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही को नियंत्रित कर दिया, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे। बता दें कि Mira Bhayandar मुंबई से सटा हुआ है और यह मुंबई मेट्रोपॉलिटल रीजन के अंतर्गत आता है।
मस्जिद सदस्यों ने खुद हटाया सामान
जानकारी के मुताबिक, तोड़-फोड़ अभियान शुरू होने से पहले देर रात तक प्रशासन और मस्जिद समिति के पदाधिकारियों के बीच बातचीत चली। इस बातचीत के बाद समिति ने प्रशासन के निर्णय का सम्मान करते हुए उनके साथ सहयोग करने का निर्णय लिया। इसी कारण मस्जिद के सदस्यों ने खुद परिसर से जरूरी सामान हटाया और तोड़-फोड़ की प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग किया, जिससे कार्रवाई बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो पायी।
इसी बीच प्रशासन ने इलाके में बने बिना अनुमति बने मंदिर के ढांचे पर भी कार्रवाई शुरू की। इस दौरान भी स्थानीय लोगों और दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने संयम का परिचय देते हुए प्रशासन का सहयोग किया।
बिना किसी हिंसा के पूरी हुई डेमोलिशन ड्राइव
कार्रवाई के समय कुछ देर के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल जरूर बना हुआ था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सख्त योजना और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति तेजी से नियंत्रण में आ गई। यह पूरी डेमोलिशन ड्राइव बिना किसी हिंसा या बड़ी अनहोनी के सफलतापूर्वक पूरी हो गई।
प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी धार्मिक एवं गैर-धार्मिक ढांचों पर समान रूप से नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
