शहर

कोच्चि में जज के बेटे की तेज रफ्तार मर्सिडीज ने स्कूटर सवार को कुचला, दर्दनाक मौत, हादसे पर गृह मंत्री का बड़ा बयान

Kochi Car Accident: केरल के कोच्चि में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रविवार तड़के एक एडिशनल सेशन जज के नाबालिग बेटे ने अपनी तेज रफ्तार मर्सिडीज कार से 54 वर्षीय स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

Image

कोच्चि मर्सिडीज हादसा (फाइल फोटो)

Kochi Car Accident: केरल के कोच्चि शहर से एक बेहद दुखद और आक्रोश पैदा करने वाली खबर सामने आई है। रविवार तड़के चेरानेल्लूर इलाके के पास एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने 54 साल के स्कूटर सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल स्कूटर सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कार चलाने वाला लड़का एक एडिशनल सेशन जज का नाबालिग बेटा है।

हादसा सुबह लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मृतक व्यक्ति एक छोटा सा फूड स्टॉल (ढाबा) चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था और काम खत्म करके अपने घर लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उसकी बाइक को उड़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए और मृतक का सामान सड़क पर बिखर गया। मृतक की भांजी ने आरोप लगाया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। उसने यह भी दावा किया कि पुलिस स्टेशन में जब उसने नाबालिग को गाड़ी देने पर सवाल उठाया, तो जज ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के नियमों के तहत आरोपी नाबालिग को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या गाड़ी के मालिक यानी जज के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाया जाए, क्योंकि कार उन्हीं के नाम पर पंजीकृत है।

इस पूरे घटनाक्रम पर राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। कोई व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली या बड़े पद पर क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चलाकर लोगों की जान लेना एक तरह से हत्या के बराबर है और सरकार ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article