Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया के तीन छोटे विमानों को रविवार को उस समय नुकसान पहुंचा, जब अचानक तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर मौजूद सहायक उपकरण उनसे टकरा गए। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने इस संबंध में जानकारी दी है।
ऑपरेटर ने कहा कि टक्कर लगने के बाद तीनों विमानों को परिचालन से हटा दिया गया है। उसने कहा कि अचानक खराब मौसम के कारण एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के जमीनी उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से टकरा गए।
निजी संचालक ने यह भी कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने मौसम में किसी बदलाव को लेकर एयरपोर्ट ऑपरेटर या विमानन कंपनियों को कोई चेतावनी जारी नहीं की थी। एयर इंडिया ने इस घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हालांकि, विमानन कंपनी के एक सूत्र ने कहा कि खराब मौसम के कारण एयर इंडिया के तीन विमानों के साथ ही अन्य संचालकों के विमान भी प्रभावित हुए। सूत्र ने कहा कि प्रभावित तीन विमानों में से दो जल्द परिचालन में लौट आएंगे, जबकि तीसरे विमान को ठीक करने में थोड़ा अधिक समय लगेगा।
यह घटना कल यानी रविवार 7 जून की शाम लगभग 4:40 बजे टर्मिनल-2 के पास स्थित पार्किंग बे में हुई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, अचानक खराब मौसम के कारण एयर इंडिया और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग व इंजीनियरिंग टीमों की एक स्टेप लैडर और ट्रेस्टल्स अपनी जगह से खिसक गए और विमान से जा टकराए।
इनपुट - भाषा
