राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज यानी सोमवार 8 जून को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDU) की तरफ से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीच चौड़ा किया जाना है। इसी अभियान के तहत आज जयपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई।
10-12 अवैध निर्माण आज ढहाए जाएंगे
बुलडोजर की कार्रवाई से पूर्व आज सुबह ASP सरोज दयाल ने कहा कि आज 10-12 अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जानी है। उन्होंने बताया कि इन अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा, क्योंकि इन्गहें सड़क की जमीन पर कब्जा करके बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां हालात सामान्य और शांत हैं, किसी तरह का कोई विरोध नहीं हो रहा है। ऐहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड की गई हैं। ASP ने बताया कि जनता शांति बनाए रखने में सहयोग कर रही है। अवैध निर्माण पर कार्रवाई के चलते जयपुर में भारी मात्रा में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पांच धार्मिक स्थल भी हटाए गए
अपने इस अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान JDA ने सड़क सीमा में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों को वहां से हटा दिया। सभी धार्मिक स्थलों पर एक साथ बुलडोजर की कार्रवाई की गई। इसमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार भी शामिल हैं।
यहां अवैध तरीके से बनाई गई तीन मंजिला नूरानी मस्जिद को जमींदोज कर दिया गया। मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन के बाद वहां से मलबा भी हटाया जा रहा है। अवैध मस्जिद-मजार, मंदिर और सत्संग भवन के अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रशासन काफी सतर्क था। इस कार्रवाई से पहले प्रशासन ने नंदपुरी इलाके को सीज कर दिया। पुलिस ने यहां थ्री लेयर बैरिकेडिंग की हुई थी।
जयपुर में BNS की धारा 163 लागू
अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से पहले ही प्रशासन सतर्क था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन हजार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया। कानून व्यवस्था और हालात को संभालने के लिए 22 जून तक शहर में BNS की धारा 163 (पूर्व में IPC 144) लागू रहेगी। शहर में पांच से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाई गई है। किसी भी तरह के संभावित तनाव और अफवाहों को रोकने के के लिए शहर के कई इलाकों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं कोअस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया।
इंटरनेट और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध
अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही इस कार्रवाई के दौरान गुलाबी नगरी में लोग व्हाट्सएप, फेसबुक, X, इंस्टाग्राम का भी इस्तेमाल नहीं कर सकते। सरकारी आदेश में कहा गया है कि 7 जून आधी रात से 8 जून आधी रात तक जयपुर कमिश्नरेट के साथ ही जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिलों के सभी थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखी गई हैं। इस दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, X, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तथा बल्क SMS और MMS सेवाओं पर भी पूरी तरह से रोक लगाई गई है। इंटरनेट के जरिए अफवाहें फैलने,भड़काऊ संदेश प्रसारित होने और सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या तनावपूर्ण स्थिति को रोकना उनकी प्राथमिकता है।
किन इलाकों में बंद है इंटरनेट
आज अवैध निर्माण के खिलाफ हो रही कार्रवाई के लिए इंटरनेट प्रतिबंध का दायरा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई थाना क्षेत्रों तक फैला हुआ है। इनमें गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, शास्त्रीनगर, विद्याधर नगर, बनीपार्क, वैशाली नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रतापनगर, बगरू, दूदू, फागी, फुलेरा समेत कई अन्य क्षेत्र भी शामिल हैं।
