शहर

Nuh: नाबालिग ने उठाया खौफनाक कदम, लिव-इन में रह रही पांच बच्चों की मां पर किया चाकू से ताबड़तोड़ वार

हरियाणा के नूंह में एक नाबालिग ने अपने गुस्से में मां पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब महिला अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Image

हरियाणा में नाबालिग ने किया मां पर चाकू से हमला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nuh News: हरियाणा के नूंह में एक नाबालिग ने अपनी मां के पैर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान बेटे ने चाकू का इस्तेमाल किया। घायल महिला का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला लगभग एक साल पहले अपने पति और पांच बच्चों को छोड़कर एक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी।

जानकारी के मुताबिक, इस बात से नाराज बेटा सोमवार को अपनी मां के साथी के घर गया और उस पर हमला कर दिया। उसने अपनी मां के साथ भी मारपीट की और उसके पैर को चारपाई से बांधकर फरार हो गया। पुन्हाना DSP जितेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।

रंजिश में उठाया कदम

बताया जा रहा है कि, पलवल के एक गांव की महिला लगभग एक साल पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई थी और तब से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब दो सप्ताह पहले वह अपने साथी के साथ पिनगवां कस्बे के वार्ड नंबर 2 की भाट कॉलोनी में रहने लगी। महिला के बड़े बेटे ने इस दौरान उसके साथ रंजिश रखना शुरू कर दिया। सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे वह घर में घुसा और पहले मां के साथ लंबे समय तक मारपीट की।

महिला गंभीर रूप से घायल

इसके बाद उसने चाकू से महिला के पैरों पर हमला किया। हमला करने के बाद उसने चारपाई से मां के पैरों को बांधकर फरार हो गया। महिला की चिल्लाहट सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें मंडी खेड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की देखरेख में महिला का इलाज जारी है। हालांकि, अभी यह जानकारी सामने नहीं आई कि हमले में महिला के पैरों को कितनी चोटें आई हैं।

20 साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, महिला की शादी करीब 20 साल पहले पलवल के एक गांव के व्यक्ति से हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। उनके बड़े बेटे की उम्र लगभग 16 साल है। महिला का प्रेमी भी उसी गांव का रहने वाला है। DSP जितेंद्र सिंह ने बताया कि किसी ने कंट्रोल रूम को कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद SHO पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी लड़का हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article