Darbhanga News: बिहार के दरभंगा में बिरौल थाना क्षेत्र में परीक्षा देकर घर लौट रही 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की ओर से बिरौल थाने में दिए गए आवेदन में गांव के ही एक युवक पर लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाकर अपने साथी के साथ दूसरे गांव ले जाने और वहां दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कहा गया है अगले दिन उसे मोटरसाइकिल से दिल्ली ले जाने के लिए दरभंगा रेलवे स्टेशन ले गए जहां ट्रेन आने पर पुलिस पर नजर पड़ी तो पीड़िता ने हल्ला करना शुरू कर दिया। इसे देख पुलिस उन्हें थाने लेकर पहुंची और आरोपी को बंद कर पीड़िता के पिता को बुलाकर उसके सुपुर्द कर दिया। साथ ही बिरौल थाना में मामला दर्ज कराने को भी कहा।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
बिरौल थाना प्रभारी ने कांड में शामिल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। थाने को दिए शिकायती आवेदन के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को करीब तीन बजे छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही युवक बाइक लेकर उसके पास पहुंचा। छात्रा उसे पहले से पहचानती थी, इसलिए लिफ्ट देने की बात पर वह बाइक पर बैठ गई। इसके बाद उसे रुमाल सुंघाकर बेसुध कर दिया, आरोप है कि युवक अपने एक साथी के साथ उसे दूसरे गांव ले गया।
शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि वहां दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे बाइक से दरभंगा ला दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास पुलिस को देखकर छात्रा ने शोर मचाया और पुलिस से मदद मांगी। छात्रा के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घर पहुंचकर धमकी देने का भी आरोप
छात्रा ने आवेदन में घटना के बाद आरोपित पक्ष के कुछ लोगों पर उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपित पक्ष के लोगों ने परिवार को मामले को लेकर धमकाया। मामले में छात्रा के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बिरौल थाना प्रभारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
