शहर

Meerut News: मेरठ में दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत, चार दिन तक अस्पताल में लड़ी जिदंगी की जंग

मेरठ के जहरीला पदार्थ खाने वाली दुष्कर्म पीड़िता की शुक्रवार शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोरी के परिवार ने गांव के युवक अनुज कुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Image

मेरठ में दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत

Meerut News: मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद जहरीला पदार्थ खाने वाली किशोरी की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। पीड़िता के परिवार ने गांव के ही युवक अनुज कुमार और उसके साथियों पर किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। परिवार ने बताया कि 26 जनवरी की रात किशोरी जैसे-तैसे घर पहुंची। जहां उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम को किशोरी की मौत हो गई। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

29 जनवरी को परिवार ने दर्ज कराया केस

मेरठ के एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि 29 जनवरी की रात पीड़िता के भाई ने आरोपी अनुज के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके अनुसार अनुज 26 जनवरी की रात किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी की मां किशोरी को घर छोड़ने आई, जहां दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी भी हुई। तहरीर में आरोप है कि किशोरी ने इसके बाद अपने घर पर कीटनाशक पी लिया। जिसके बाद उसे मवाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया।

आरोपी के माता-पिता के खिलाफ भी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि युवक और किशोरी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के माता-पिता के खिलाफ भी नियम के अनुसार कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि किशोरी की मौत के बाद पोस्टमॉर्टम पैनल के जरिए करवाया गया है। इस मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article