शहर

Meerut Power Cut: मेरठ में बारिश के बाद घंटों रही बत्ती गुल! पॉवर कट से फूटा लोगों का गुस्सा; बिजलीघर पहुंचकर किया प्रदर्शन

मेरठ के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम क्षेत्र में सोमवार शाम बारिश के बाद कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे बिजली संकट से नाराज स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता गौरव मलिक के नेतृत्व में बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग उठाई। बिजली विभाग ने तकनीकी खराबी को कारण बताते हुए जल्द व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया।

Image

मेरठ में बिजली कटौती से हाल बेहाल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Meerut Power Cut: मेरठ के मोदीपुरम स्थित पल्लवपुरम इलाके में सोमवार शाम 7-8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आ गया। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से नाराज लोगों ने भाजपा जिला मंत्री गौरव मलिक के नेतृत्व में पल्लवपुरम बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे के बाद फेज-वन और आसपास के इलाकों की बिजली आपूर्ति रोक दी गई थी। बता दें कि इलाके में हुई करीब आधे घंटे की बारिश के बाद सुरक्षा कारणों से बिजली काटी गई, लेकिन बाद में तकनीकी खराबी आने से सप्लाई दोबारा शुरू नहीं हो सकी।

भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हुए लोग

लगातार कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर रात तक बिजली बहाल नहीं होने पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी बिजलीघर पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

गौरव मलिक ने कही ये बात

हंगामे के दौरान भाजपा के जिला मंत्री गौरव मलिक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि लगातार हो रही लंबी बिजली कटौती से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी खराबी को जल्द दूर करने और भविष्य में निर्बाध और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

तकनीकी खराबी को दूर करने का काम युद्धस्तर पर जारी

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पल्लवपुरम थाना पुलिस बिजलीघर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा जल्द आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिए जाने के बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी को दूर करने का काम युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

बारिश के दौरान बार-बार हो रहे फॉल्ट से लोग परेशान

दूसरी ओर, लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से उमस और गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने विभाग से मांग की कि बारिश के दौरान बार-बार आने वाले तकनीकी फॉल्ट का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article