शहर

Meerut News: मेरठ में झुग्गियों में रहने वालों पर पुलिस की पैनी नजर, चला मेगा वेरिफिकेशन ड्राइव

मेरठ के सदर बाजार इलाके में पुलिस ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान निवासियों के पहचान पत्र, पते और मोबाइल नंबरों की जांच की गई।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Meerut News: मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सदर बाजार इलाके की झुग्गी-बस्तियों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान दूसरे जिलों और राज्यों से आकर अस्थायी रूप से रह रहे लोगों की पहचान, पते और दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही पुलिस ने लोगों के संभावित आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले और उन्हें सलाह दी कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सदर बाजार क्षेत्र में दो दिन चला पुलिस का सत्यापन अभियान

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और कैंट क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पर्यवेक्षण में 12 और 13 जून को थाना सदर बाजार पुलिस व रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ घुमंतू समुदायों और अन्य जनपदों से आए लोग सदर बाजार क्षेत्र तथा आसपास के खाली स्थानों पर झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। इसके मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीम ने वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की और उनके नाम, पते, मूल निवास स्थान, मोबाइल नंबर तथा पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने लोगों की पहचान की पुष्टि की और उनकी किसी संभावित आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की।

झुग्गियों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की हुई जांच

पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा बिना सत्यापन के किसी बाहरी व्यक्ति को अपने साथ न रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस के अनुसार सत्यापित व्यक्तियों का विवरण थाना अभिलेखों में दर्ज कर लिया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान और सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article