Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से लापता हुए 7 वर्षीय बच्चे का मामला सनसनीखेज मोड़ ले चुका है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को बच्चे को अपने साथ ले जाने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह बच्चे को अपने साथ ले गया था और बाद में उसे नहर में फेंक दिया। जिसके बाद गोताखोरों की टीम बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
दुबई में नौकरी करता है बच्चे का पिता
जानकारी के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बा निवासी गुरुसेवक दुबई में नौकरी करते हैं। उनका 7 साल का बेटा अंगद मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। परिजनों ने बताया कि वह करीब 11:30 बजे साइकिल लेकर घर आया था। जिसके बाद घर में साइकिल खड़ी करने के बाद वह दोबारा बाहर खेलने चला गया।
वीडियो में गाड़ी में बैठता नजर आया बच्चा
जब देर शाम होने के बावजूद बच्चा वापस नहीं आया तो परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उन्हें कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस के पास शिकायत की गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वीडियो में एक वैगनआर कार दिखाई दी, जिसमें बच्चा बैठता नजर आया। वीडियो से ऐसा प्रतीत हुआ है कि कार में बैठा हुआ व्यक्ति बच्चे का परिचित था, क्योंकि वह बिना किसी डर के गाड़ी के अंदर बैठ गया।
आरोपी का बच्चे की मां से संबंध!
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मीरापुर निवासी अर्पित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी पीड़ित परिवार के घर आता रहता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बच्चे को साथ ले जाने की बात स्वीकार की।
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 16 जून को बच्चे के गायब होने की सूचना मिली। जिसके बाद चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को अपने साथ ले गया था और बाद में नहर में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का बच्चे की मां से पहले से परिचय था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। फिलहाल पीएसी के गोताखोर नहर में बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
