Meerut News: मेरठ के केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पढ़े जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एहतियातन मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात करने के साथ ही गश्त भी बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
मस्जिद के मुतवल्ली ने SSP ऑफिस में दी शिकायत
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की ओर से मंगलवार को मस्जिद के पास हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने की बात कही गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। मस्जिद के मुतवल्ली जुबेर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया।
पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के ऊपरी हिस्से में करीब एक महीने पहले निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
स्थानीय व्यापारियों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था और इसी घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो प्रसारित हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और क्षेत्र की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
(इनपुट - भाषा)
