शहर

Gwalior News: ग्वालियर के तिघरा डैम में डूबे दो मेडिकल छात्र, एक का शव बरामद; सर्च ऑपरेशन जारी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तिघरा बांध पर नहाने गए मेडिकल कॉलेज के दो छात्र डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF ने तलाशी अभियान शुरू किया। एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र की तलाश जारी है।

Image

gwalior accident

Photo : ANI

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) के दो मेडिकल छात्र तिघरा डैम में नहाते समय डूब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि दोनों का पैर फिसलने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए। अभी तक एक छात्र का शव बरामद किया जा चुका है। दूसरे की तलाश जारी है।

पिकनिक मानने गए थे छात्र

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के 8 स्टूडेंट्स पिकनिक मनाने के लिए तिघरा डैम पहुंचे थे। ग्रुप में 4 छात्र और 4 छात्राएं थी। सभी लोग बोट क्लब से लगभग 3 किमी दूर कच्ची पार इलाके में गए। इसी दौरान दो छात्र पानी में नहाने के लिए उतर गए और अचानक गहरे हिस्से में जाने से दोनों डूबने लगे।

मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी आयुष श्रीवास्तव और बीना निवासी गोपाल अग्रवाल के तौर पर हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों का पैर फिसलने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे करीब 40-50 फीट गहरे पानी में चले गए। उनके अन्य साथी पिकनिक स्पॉट पर ऊपर ही मौजूद थे। लेकिन जब दोनों छात्र वापस नहीं आए तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

पैर फिसलने से गहरे पानी में गए छात्र

सीएसपी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्र तिघरा डैम के पास घूमने गए थे। इस दौरान कुछ छात्र डैम में नहाने के लिए उतर गए और गहरे पानी में जाने से डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सर्च अभिया शुरू किया। साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद एक छात्र गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया गया है।

हालांकि दूसरे छात्र का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ की टीम लगातार पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि डैम की अधिक गहराई और कीचड़ व चट्टानों के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं मेडिकल कॉलेज और मृतक छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article