ऑटो न्यूज़

Festive Season में वाहनों की रिटेल बिक्री 55 लाख यूनिट के पार, धड़ाधड़ बिकीं गाड़ियां: फाडा

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस के मुताबित 2026 का 42 दिनों का फेस्टिव सीजन वाहनों की बिक्री के लिए शानदार रहा। इस दौरान वाहनों की रिटेल सेल 55 लाख यूनिट के पार रही।

Image

वाहनों की रिटेल बिक्री 55 लाख यूनिट के पार (AI Generated Image)

भारत में इस साल त्योहारी सीजन के दौरान वाहनों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 42 दिनों के फेस्टिव सीजन में देशभर में कुल 55.25 लाख से ज्यादा वाहन बिके। वाहन डीलरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के मुताबिक, 2026 में वाहनों की रिटेल सेल सालाना आधार पर 2.21 प्रतिशत बढ़कर 55,25,490 यूनिट पर पहुंच गई। यह 42 दिनों के त्योहारी सीजन में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है।

इस साल बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल भी वाहनों की बिक्री काफी अच्छी रही थी। जीएसटी 2.0 के कारण अधिक से अधिक ग्राहकों ने गाड़ियां खरीदी थीं। बावजूद इसके इस साल बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, 2024 के त्योहारी सीजन के मुकाबले इस साल वाहनों की खुदरा बिक्री में 23.95 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे पता चलता है कि जीएसटी दरों में बदलाव के बाद भी वाहन बाजार में मांग बनी हुई है।

दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री में बढ़ी

FADA के आंकड़ों के अनुसार, इस साल दोपहिया वाहनों की बिक्री में 3.67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान कुल 43,13,276 दोपहिया वाहन बिके। वहीं, तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 5.32 प्रतिशत बढ़कर 1,93,576 इकाई पर पहुंच गई।

कमर्शियल वाहनों की बिक्री में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। इस कैटेगरी में कुल 1,55,761 वाहन बिके, जो पिछले साल के मुकाबले 7.13 प्रतिशत ज्यादा हैं। इसके अलावा ट्रैक्टर की बिक्री 2.24 प्रतिशत बढ़कर 1,03,809 यूनिट रही। निर्माण उपकरणों की बिक्री में सबसे ज्यादा 26.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान कुल 10,452 निर्माण उपकरण बेचे गए।

यात्री वाहनों की बिक्री में आई गिरावट

जहां ज्यादातर वाहन श्रेणियों में बिक्री बढ़ी, वहीं यात्री वाहनों के मामले में गिरावट देखने को मिली। 2026 के त्योहारी सीजन में कार और अन्य यात्री वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 7.16 प्रतिशत घटकर 7,48,616 यूनिट रह गई। पिछले साल इसी अवधि में 8,06,322 यात्री वाहन बिके थे।

इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में उछाल

इस साल इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मांग में शानदार तेजी देखने को मिली। फेस्टिव सीजन के दौरान इनकी खुदरा बिक्री 52.62 प्रतिशत बढ़कर पांच लाख यूनिट के पार पहुंच गई। इसमें इलेक्ट्रिक दोपहिया और इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों का बड़ा योगदान रहा।

FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर के मुताबिक, "2026 का त्योहारी सीजन भारतीय वाहन बाजार के लिए ऐतिहासिक रहा। पिछले साल की मजबूत बिक्री के बावजूद इस साल नया रिकॉर्ड बनना दिखाता है कि देश में वाहनों की मांग लगातार बनी हुई है। यह हमारे इतिहास में 42 दिन का अब तक का सबसे बेहतर त्योहारी सत्र है।"

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article