Tonk News: राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के नतीजे आते ही टोंक जिले के पीपलू क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है।पीपलू क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार के महज कुछ घंटे बाद ही गांवों और ढाणियों में लगी स्ट्रीट लाइटें खुलवा ली गईं। बिजली निगम की टीम द्वारा लाइटें खोलकर ले जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है।
चुनाव हारते ही अंधेरे में डूबे गांव और ढाणियां
पूरा मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है। जानकारी के अनुसार, इस वार्ड से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव मैदान में उतरी थीं। बताया जा रहा है कि प्रियंका शर्मा निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) की पत्नी हैं। वह पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गईं। ग्रामीणों के मुताबिक, दीपावली से पहले क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों से रात के समय लोगों को अंधेरे से बहुत राहत मिली थी।
ग्रामीणों का आरोप - वोट पाने के लिए लगवाई थीं लाइटें
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने और उनका वोट पाने के मकसद से ये स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई थीं। लेकिन प्रियंका शर्मा के चुनाव हारने के कुछ घंटे बाद ही बिजली निगम की टीम गांवों में पहुंची और स्ट्रीट लाइटें उतरवाकर ले गई। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में बहुत नाराजगी है। हालांकि, स्ट्रीट लाइटें हटाने के पीछे बिजली निगम या संबंधित अधिकारियों की ओर से क्या वजह बताई गई है, फिलहाल इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। फिलहाल ग्रामीण इस कार्रवाई को चुनावी हार से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।
