शहर

कठुआ में रावी दरिया ने मचाई तबाही; 60 लोगों की बची जान, सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने तबाही मचा दी है। कठुआ में रावी दरिया के बैराज पर फंसे 60 कर्मियों को सेना और वायु सेना ने मिलकर रेस्क्यू किया, हालांकि एक की मौत हो गई। वहीं उधमपुर और अन्य क्षेत्रों में भी कई घरों को नुकसान पहुंचा है और राहत कार्य जारी हैं।

Image

कठुआ में बड़े स्तर पर बचाव अभियान जारी (फोटो: AI)

Kathua Flood Rescue Operation: कठुआ जिले में उफनते रावी दरिया ने भारी तबाही मचाई है। दरिया पर बने बैराज के गेट खोलने पहुंचे सिंचाई विभाग के करीब 60 कर्मी अचानक गेट टूटने से फंस गए। हालात गंभीर होने पर सेना और भारतीय वायु सेना की मदद से बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। वायु सेना के हेलीकॉप्टरों की सहायता से सभी कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक, एक कर्मी तेज बहाव में बह गया और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस अभियान में चिनूक हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई, जिसने कठिन परिस्थितियों में राहत कार्य को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि सेना और वायु सेना के तालमेल से ही यह बड़ा रेस्क्यू संभव हो पाया। फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से दरिया के नजदीक न जाने की अपील की है।

घरों में घुसा बारिश का पानी

इधर, जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी बारिश का कहर जारी है। उधमपुर जिले के सातेनी क्षेत्र में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ है। कई परिवारों को प्रशासन द्वारा पानी से बाहर निकाला गया और जिनके घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। काशीराह पंचायत में पहाड़ खिसकने से करीब 8 घर बर्बाद हो गए। प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, लेकिन मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण लोगों को सहायता प्राप्त करने में काफी कठिनाई हो रही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें