गुरुग्राम के सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित झुग्गियों में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी भयावह है कि देखते ही देखते काफी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता धुआं और आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही हैं। आग में कई लोगों के फंसे होने की आंशका जताई जा रही है। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तरफ से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। फिलहाल, दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और दमकल विभाग की टीम झुग्गियों में लगी आग को बुझाने का प्रयास कर रही हैं।
गुरुग्राम के सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत की बात है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग के कारणों की जांच जारी है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गाजियाबाद में भी लगी आग
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में ऑक्सीजन टैंक फिलिंग, रेज़िन और पेंट से संबंधित कार्य किया जाता है, जिसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दोपहर करीब 2 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के जिलों, जिनमें नोएडा समेत अन्य जनपदों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद केमिकल और ऑक्सीजन सिलेंडरों के कारण आग तेजी से फैल रही थी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे रेज़िन के खाली सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली थी, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।
स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया था, हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में कूलिंग का कार्य जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को रोका जा सके।
