हमीरपुर: जिले के भरुआ सुमेर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर दो ट्रकों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई। एक ट्रक में रुक-रुक कर हुए विस्फोट से ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, ट्रक के अंदर खलासी के फंसे होने की आशंका जताई गई।
ऑटो भी पलटा
सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा के पास नेशनल हाईवे 34 का मामला बताया जा रहा है। वनवे हाईवे पर दोनों ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रकों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों में आग लग गई। इनकी चपेट में एक ऑटो रिक्शा भी आ गया, जिसमें सवार कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ट्रक में आग लगने के बाद नेशनल हाईवे में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।
