शहर

मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा; पिकअप-टेंपो की टक्कर में 4 की मौत, कई अन्य घायल

मोतिहारी के सुगौली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टेंपो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

Image

बिहार के मोतिहारी में दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Motihari Accident: बिहार के मोतिहारी के सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा–बेतिया मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की तत्परता से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, छपवा की ओर से यात्रियों को लेकर जा रहा एक टेंपो जैसे ही नयका टोला के पास पहुंचा, तभी सामने से बेतिया की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप गाड़ी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

4 लोगों की दर्दनाक मौत

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इस दर्दनाक हादसे में रुबिना खातून (30), आयसा खातून (22), जयद खान (7) और भैरों साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

हादसे में कई लोग घायल

हादसे में चांद खान, शंकर कुमार शर्मा, रिफत प्रवीण और मनत प्रवीण समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुगौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।

तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि अस्पताल एवं घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने इस हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाएं अब आम होती जा रही हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article