शहर

Madhya Pradesh News: धार में रफ्तार का कहर; कंटेनर की कार से जोरदार भिड़ंत, गुजरात के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। बदनावर-उज्जैन राजमार्ग पर पंचक वासा के पास कंटेनर ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत में कार सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Image

मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा

Photo : iStock

Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा बदनावर थाना क्षेत्र में बदनावर-उज्जैन राजमार्ग पर पंचक वासा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

उज्जैन की ओर से आ रहा था कंटेनर ट्रक

पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। उज्जैन की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक बदनावर से करीब चार किलोमीटर दूर पंचक वासा के नजदीक पहुंचा था। इसी दौरान उसकी कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

गुजरात के रहने वाले थे सभी मृतक

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के निवासी थे। पुलिस ने अब तक चार मृतकों की पहचान कर ली है, जबकि दो अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी देने की कार्रवाई भी की जा रही है।

कंटेनर ट्रक के चालक को हिरासत में लिया गया

पुलिस अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद कंटेनर ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी जानकारी सामने आने के बाद उसे साझा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article