शहर

आंध्र प्रदेश के पलनाडु में दर्दनाक हादसा; कृष्णा नदी में पलटी नाव, दो महिलाओं समेत 4 लोगों की डूबकर मौत

आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के कोनुरु गांव में रविवार को कृष्णा नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक छोटी मोटर-रहित नाव के पलट जाने से चार लोगों की डूबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

Image

कृष्णा नदी में नाव पलटने से चार लोगों की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Andhra Pradesh Boat Accident: आंध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के कोनुरु में रविवार को कृष्णा नदी में एक छोटी नाव के पलट जाने से उस पर सवार 10 में से चार लोग डूब गये। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने इस हादसे की जांच के आदेश भी दिए।

दो पुरुष और दो महिलाएं डूब गईं

सट्टेनपल्ली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हनुमंत राव ने बताया, "दो पुरुष और दो महिलाएं डूब गईं। नाव पर बच्चे भी सवार थे और माना जा रहा है कि उनकी (बच्चों की) उछल-कूद वाली गतिविधियों की वजह से मोटर-रहित नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।" पुलिस ने बताया कि पीड़ित मछली पकड़ने वाली एक नाव से नदी में गए थे और एक छोटे से द्वीप से लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।

इस तरह पलट गई नाव

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब नाव किनारे से लगभग 15 मीटर दूर थी और बच्चे एक तरफ इकट्ठा हो गए, जिससे नाव पलट गई। इस समय सिंगापुर में मौजूद मुख्यमंत्री नायडू ने पलनाडु के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोन पर बात कर स्थिति की समीक्षा की।

पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के हवाले से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कोनुरु गांव के पास नाव पलटने की घटना में मारे गए चार लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद देने का निर्देश दिया और राजस्व, पुलिस और सिंचाई विभागों के अधिकारियों से घटना की विस्तृत जांच कराने का आदेश दिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नाव में सवार अन्य छह लोग सुरक्षित हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article