कन्नौज में बिजली का कनेक्शन काटने पर नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा काटा और तलवार निकाल कर धमकी देता नजर आया। इस दौरान वह बिजली विभाग और सरकार को जमकर भद्दी-भद्दी गालियां बकता रहा। डर की वजह से गांव के लोगों ने भी उससे तलवार छीनने की कोशिश नहीं की। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
सामने आये वीडियो में युवक हाथ पर एक तलवार लिए गांव की गलियों में घूम-घूमकर गालियां बक रहा है। वो संबंधित लाइनमैन, जिसने बिजली कनेक्शन काटा था उसको ढूंढ रहा है। वह बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ गुस्सा निकालते हुए लाइनमैन को मारने की धमकियां देता रहा। लाइनमैन ने भाग कर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस दौरान उसके परिवार के सदस्य उसे रोकते हैं, लेकिन वो उन्हें भी गालियां देकर भगाने का प्रयास कर रहा है।
मामला कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र स्थित रूर गांव का बताया जा रहा है। लाइनमैन को तलवार लेकर दौड़ने का युवक का वीडियो वायरल कन्नौज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल, पुलिस वीडियो का संज्ञान लेकर कार्रवाई की बात कह रही है। जानकारी के मुताबिक, बिजली बिल बकाये को लेकर लाइनमैन ने कनेक्शन काट दिया था, जिससे नाराज एक युवक ने तलवार निकालकर हंगामा बरपा।
